पुलिस अधिकारी रंगे हाथों रिश्वत लेते गिरफ्तार, राज्य सतर्कता ब्यूरो ने की बड़ी कार्रवाई

कांगड़ा/धर्मशाला, 09 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, उत्तरी रेंज धर्मशाला द्वारा एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पुलिस थाना रेहन, जिला कांगड़ा, नूरपुर में तैनात हेड कांस्टेबल / अन्वेषण अधिकारी दिनेश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।शिकायतकर्ता सुजल, निवासी फतेहपुर, जिला कांगड़ा की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत के अनुसार, दिनेश कुमार ने एक मामले की जांच के दौरान शिकायतकर्ता और उसके भाई को राहत देने के एवज में ₹2,000/- की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद राज्य सतर्कता ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और आरोपी पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया।

प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए भ्रष्टाचार का प्रयास किया और कानून व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाई। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।मामले की पुष्टि करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, धर्मशाला के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और विस्तृत जांच अभी जारी है।यह कार्रवाई सरकारी तंत्र में पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। विभाग की नागरिकों से भी अपील की है कि वे भ्रष्टाचार संबंधी मामलों में तत्परता से शिकायत करें ताकि दोषियों को कानून के कटघरे में लाया जा सके।