लोक लेखा समिति ने किलाड़ में की समीक्षा बैठक, पांगी घाटी के विकास कार्यों और लंबित ऑडिट पैरा पर हुई चर्चा

किलाड/चंबा 10 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की लोक लेखा समिति ने सोमवार को पांगी उपमंडल के किलाड़ स्थित पुस्तकालय भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति अनिल शर्मा ने की, जिसमें सदस्य केवल सिंह पठानिया (उप-मुख्य सचेतक), विधायक डॉ. हंस राज, जीत राम कटवाल, इंद्र सिंह, डॉ. जनक राज, मलेंद्र राजन और कैप्टन रंजीत सिंह उपस्थित रहे।बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित ऑडिट पैरा और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

समिति ने ऐसे सरकारी भवनों की सूची एक माह में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए जिनका वर्तमान में कोई उपयोग नहीं हो रहा। साथ ही, साच पास सड़क परियोजना पर अब तक हुए खर्च का विस्तृत ब्यौरा भी एक माह में उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए।वन, स्वास्थ्य, जल शक्ति और शिक्षा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। अनिल शर्मा ने कहा कि पांगी घाटी राज्य का सबसे दुर्गम क्षेत्र है, जहां अभी भी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है

। समिति इन समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाकर समाधान सुनिश्चित करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास योजनाओं के लिए स्वीकृत धन समयबद्ध रूप से खर्च हो और 80% से अधिक पूर्ण हो चुके कार्यों की जानकारी स्थानीय विधायक के माध्यम से सरकार तक पहुंचे।

बैठक से पूर्व समिति ने मिंधल माता और सिद्ध बाबा मंदिरों में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। आवासीय आयुक्त पांगी, रमन घरसंगी ने समिति का स्वागत किया और उनके दिशा-निर्देशों की अनुपालना का भरोसा दिलाया।
