राजकीय उच्च पाठशाला बिहाली-1 में चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

राजकीय उच्च पाठशाला बिहाली-1 में चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चुराह/ तीसा 13 जून दिलीप सिंह ठाकुर

राजकीय उच्च पाठशाला बिहाली-1, तहसील चुराह में चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा द्वारा बच्चों, शिक्षकों और स्टाफ के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 75 बच्चों सहित विद्यालय के शिक्षकगण सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक कपिल शर्मा और केस वर्कर चैन सिंह ने किया। उन्होंने छात्रों को चाइल्ड हेल्पलाइन की निःशुल्क सेवा 1098 के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि यह सेवा अनाथ, अर्ध-अनाथ, स्कूल छोड़ चुके, घर से भागे हुए, शोषित, मानसिक और शारीरिक रूप से असक्षम, बाल मजदूरी या बाल विवाह से पीड़ित बच्चों के लिए विशेष रूप से कार्य करती है।

छात्रों को पॉक्सो अधिनियम, बाल शोषण, बाल तस्करी, नशे की बुराई, सोशल मीडिया के सही उपयोग और उससे होने वाले खतरों जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। सोशल मीडिया पर ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर मुद्दों पर भी विशेष चर्चा की गई। बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बीच अंतर समझाया गया और उन्हें अनजान लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी गई।कार्यक्रम में बच्चों को नैतिक मूल्यों, लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन, स्वास्थ्य व पोषण संबंधी आवश्यक जानकारियां भी दी गईं। बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया और बताया गया कि इस प्रकार की संवेदनशील घटनाओं की जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।इस अवसर पर कार्यकारी प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह, शास्त्री करण सिंह, टीजीटी मेडिकल साक्षी जरयाल, आर्ट एंड क्राफ्ट अध्यापिका कृति कमल सहित समस्त स्टाफ ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!