श्री गुरु सिंह सभा डलहौजी ने श्रद्धापूर्वक मनाया 99वां सालाना दीवान

डलहौजी/चम्बा 15 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
श्री गुरु सिंह सभा डलहौजी द्वारा 99वां सालाना दीवान बड़ी श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया। यह पावन अवसर डलहौजी गुरुद्वारा साहिब की स्थापना के 99 वर्षों की परंपरा को समर्पित रहा, जिसे क्षेत्रीय संगत के साथ-साथ देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने भी हर्षोल्लास के साथ मनाया।गुरुद्वारा के अध्यक्ष परमजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐतिहासिक गुरुद्वारा की स्थापना हमारे बुजुर्गों ने 99 वर्ष पूर्व की थी।

उन्होंने कहा कि यह गुरुद्वारा हमारी धार्मिक आस्था, एकता और सेवा भाव का प्रतीक है और यह गर्व की बात है कि अगले वर्ष हम गुरुद्वारा की शताब्दी मनाने जा रहे हैं।11 जून से गुरुद्वारा साहिब में अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ किया गया था, जिसका भोग 15 जून को विधिवत रूप से डाला गया। 14 जून को नगर कीर्तन का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।

नगर कीर्तन सुभाष चौक और गांधी चौक से होता हुआ गुरुद्वारा परिसर तक पहुंचा।इस अवसर पर कीर्तन दरबार का आयोजन भी किया गया, जिसमें खरड़ से पधारे भाई कुलविंदर सिंह की कीर्तनीय जत्थे ने मधुर शब्द-कीर्तन द्वारा संगत को निहाल किया। इसके अतिरिक्त डलहौजी के भाई मनीष, विशाल कोहली और अन्य स्थानीय कीर्तनियों ने भी श्रद्धालुओं को गुरुवाणी से सराबोर किया।

दीवान के पश्चात गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष परमजीत सिंह ने गुरुद्वारा कमेटी के सभी सदस्यों, चंबा से आई संगत, पर्यटकों और स्थानीय श्रद्धालुओं का दिल से धन्यवाद किया।यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और सेवा की भावना को भी प्रबल करता है।
