बूथ लेवल अधिकारियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आरंभ

चम्बा, 10 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर बीते कल चम्बा के बचत भवन में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और बूथ लेवल पर्यवेक्षकों (BLO Supervisor) के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। इस कार्यशाला की अध्यक्षता एसडीएम चम्बा एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रियांशु खाती ने की।प्रशिक्षण का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और त्रुटिरहित बनाना है। पहले दिन अधिकारियों को मतदाता सूची का संशोधन, सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के विलोपन, पते में संशोधन, घर-घर सर्वेक्षण, दिव्यांग मतदाताओं की पहचान और सुविधा सुनिश्चित करने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।

एसडीएम प्रियांशु खाती ने BLO और पर्यवेक्षकों को मतदान सर्वेक्षण, मतदाता जागरूकता गतिविधियों और बीएलओ मोबाइल ऐप सहित फॉर्म 6, 6क, 7 और 8 के प्रयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निष्पक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी पहचान पत्र सभी BLO और BLO पर्यवेक्षकों को वितरित किए गए। मास्टर ट्रेनरों व निर्वाचन विभाग के विशेषज्ञों ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया और बताया कि सटीक जानकारी का संकलन लोकतंत्र की मज़बूती की आधारशिला है।

कार्यशाला में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व तहसीलदार चम्बा दीक्षित राणा, मास्टर ट्रेनर नरेश ठाकुर सहित सभी BLO एवं BLO पर्यवेक्षक मौजूद रहे।अंत में अधिकारियों ने अपील की कि सभी BLO ईमानदारी और सजगता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।