चंबा में भारी बारिश के चलते विधानसभा अध्यक्ष का प्रवास कार्यक्रम रद्द

चंबा में भारी बारिश के चलते विधानसभा अध्यक्ष का प्रवास कार्यक्रम रद्द

चंबा, 21 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)


चंबा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने अपना 21 से 23 जुलाई तक प्रस्तावित प्रवास कार्यक्रम रद्द कर दिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि जिले में बीती रात से लगातार तेज बारिश हो रही है और आने वाले दो दिनों तक भी मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

प्रवक्ता ने कहा कि मौसम की गंभीरता और जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने एहतियातन यह निर्णय लिया है। इस दौरान उनका विभिन्न पंचायतों एवं क्षेत्रों का दौरा करने का कार्यक्रम था, जिसमें लोगों से संवाद, विकास कार्यों की समीक्षा एवं स्थानीय समस्याओं पर चर्चा शामिल थी।

चंबा जिले में इन दिनों मौसम ने कहर बरपाया हुआ है। कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा गिरने से सड़कें बाधित हो गई हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है और प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है।

विधानसभा अध्यक्ष ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे खराब मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करें। साथ ही उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!