भटियात विकास खंड में खुलेगी नई उचित मूल्य की दुकान, 15 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन

चंबा, 22 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
विकास खंड भटियात की ग्राम पंचायत रायपुर के मराड गांव में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा उचित मूल्य की दुकान खोली जाएगी। इस हेतु इच्छुक व्यक्तियों व संस्थाओं से 15 अगस्त 2025 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी जिला नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने दी।उन्होंने बताया कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम https://emergingimachal.hp.gov.in/ वेबसाइट पर ही स्वीकार किए जाएंगे। कोई भी ऑफलाइन या हस्तचालित आवेदन मान्य नहीं होगा।उचित मूल्य की दुकान के लिए आवेदन हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास और आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पात्र आवेदकों में ग्राम पंचायत, स्वयं सहायता समूह, महिला मंडल, सहकारी सभाएं, एकल नारी, विधवा, अपंग व्यक्ति, भूतपूर्व सैनिक, शिक्षित बेरोजगार आदि शामिल हैं।

आवेदन के साथ दसवीं का प्रमाण पत्र, वित्तीय दस्तावेज, रोजगार से संबंधित प्रमाण पत्र, भंडारण क्षमता प्रमाण पत्र, तथा अगर संबंधित श्रेणी से हैं तो बीपीएल/एससी/ओबीसी/एसटी प्रमाण पत्र, अपंगता प्रमाण पत्र, विधवा या वार्ड निवासी होने का प्रमाण पत्र आदि स्वंय सत्यापित प्रतियों सहित अनिवार्य रूप से अपलोड करने होंगे।संस्था द्वारा आवेदन किए जाने की स्थिति में संबंधित विक्रेता की शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास होना जरूरी है।पुरुषोत्तम सिंह ने सभी इच्छुक आवेदकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपने आवेदन पूर्ण दस्तावेजों सहित ऑनलाइन जमा करें। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01899-222401 पर संपर्क किया जा सकता है।