विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात में वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात में वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया

भटियात/ चुवाडी़, 22 जुलाई बबलू पठानिया

भारी वर्षा के कारण भटियात विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और प्रशासन को राहत व पुनर्वास कार्यों को शीघ्र गति देने के निर्देश दिए।कुलदीप सिंह पठानिया ने क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर भूस्खलन, मकानों को हुए नुकसान, सड़कों की स्थिति, और कृषि को पहुंचे नुकसानों का अवलोकन किया।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित लोगों के साथ है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि राहत सामग्री समय पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों को रहने, खाने और चिकित्सा की सुविधा तत्काल उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने नुकसान के आकलन की रिपोर्ट जल्द तैयार कर सरकार को भेजने को कहा, ताकि मुआवजा प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सके।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।स्थानीय लोगों ने उनके दौरे पर आभार प्रकट किया और समस्याएं साझा कीं, जिन पर श्री पठानिया ने त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों से संयम बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि व अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!