चम्बी छिंज मेला कमेटी ने कक्डा़ह गांव के आपदा प्रभावित परिवारों में वितरित की जुटाई धन राशि

डलहौजी/ चम्बा 11 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
ग्राम पंचायत सुदली के गांव कक्डा़ह में बीते दिनों हुई भारी बारिश और भूस्खलन से कई घर जमींदोज हो गए, जिससे परिवार पूरी तरह से प्रभावित हुए । इन आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए समाज के विभिन्न वर्गों, व्यक्तियों एवं संगठनों ने एकजुट होकर मदद का हाथ बढ़ाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में ग्राम चम्बी में आयोजित होने वाली छिंज मेला की पूरी तैयारियों के बीच मेला कमेटी ने एक विशेष निर्णय लिया है कि इस छिज मेला ना करवा कर मात्र औपचारिकता ही निभाई जाएंगी ओर जो भी धनराशि मेला के लिए इकट्ठा की गई थी, उसे पीड़ित परिवारों में वितरित करने का ऐतिहासिक कदम उठाया गया।छिंज मेला परंपरागत रूप से हर वर्ष आयोजित होता है, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी भारी संख्या में लोग भाग लेते हैं।

लेकिन इस बार मेला कमेटी ने सामाजिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता देते हुए कहा कि इन कठिन समय में मेला का आयोजन करना अनुचित रहेगा। मेला आयोजन के लिए जो धनराशि एकत्रित की गई थी, उसे प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की पुनर्वास प्रक्रिया में सहारा देने के उद्देश्य से वितरित किया गया।इस आयोजन में करनैल सिंह, परवीन कुमार, राजेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, सुदर्शन सिंह और केवल सिंह सहित मेला कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल समाज की मानवता और भाईचारे का परिचायक है। पीड़ित परिवारों को राहत प्रदान करना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से भी अनुरोध किया कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र पुनर्वास और आवश्यक मदद मुहैया करवाई जाए।

इस आयोजन का उद्देश्य लोगों में आपसी सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश फैलाना रहा। प्रभावित परिवारों ने भी इस कदम के लिए मेला कमेटी और समाज के सभी वर्गों का आभार व्यक्त किया। सामाजिक सद्भावना को मजबूत करने वाले ऐसे कदम से यह स्पष्ट हो गया है कि विपत्ति के समय समाज के हर सदस्य को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए