नए ट्रैफिक लाइटों के बारे चुवाडी़ में जागरूकता अभियान आयोजित

भटीयात/चुवाड़ी, 11 सितंबर बबलू पठानिया
चुवाड़ी क्षेत्र में बढ़ती ट्रैफिक समस्याओं को सुलझाने के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी दिशा में भारतीय स्टेट बैंक चुवाड़ी से सदवां गांव की सीमा तक तंग गलियों में जाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु दो स्थानों पर नए ट्रैफिक लाइट लगाए जा चुके हैं। इन नए ट्रैफिक सिग्नलों के संबंध में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चुवाड़ी के रोड सेफ्टी क्लब ने विशेष अभियान का आयोजन किया।इस सामूहिक अभियान में पुलिस विभाग, महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी और नगर पंचायत के अधिकारी सक्रिय रूप से शामिल रहे। अभियान के तहत राहगीरों और वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने तथा लाल बत्ती पर रुकने की आवश्यकता के बारे में समझाया गया। यह गतिविधि दो टीमों द्वारा नए लगाए गए रेड लाइट सिग्नल के पास संचालित की गई, ताकि लोगों को नियम पालन के महत्व का प्रत्यक्ष अनुभव हो सके।प्रमुख रूप से थाना प्रभारी रमन चौधरी ने बताया कि यह अभियान 14 सितंबर तक ट्रायल बेस पर चलेगा और इसके बाद 15 सितंबर से इसे पूरी तरह से लागू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ऑनलाइन कैमरों की भी स्थापना की जा चुकी है, जिनका परीक्षण भी जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन रोकने में मदद मिलेगी।इस मौके पर महाविद्यालय के रोड सेफ्टी कोऑर्डिनेटर डॉक्टर आकाशदीप शर्मा, डॉक्टर रीना देवी, प्रोफेसर बलबीर सिंह, पीडब्ल्यूडी के जेई कमल अहीर तथा नगर पंचायत के सचिव आदित्य जी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अभियान करीब दो घंटे तक चला और इसके बाद ट्रैफिक चिन्हों के बॉर्डर लगाने के लिए भी आवश्यक स्थान सुनिश्चित किया गया। प्रशासन की यह पहल नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।