जयराम ठाकुर ने सरकार की आपदा प्रबंधन प्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल

चंबा, 12 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
आपदा प्रभावितों से मिलने चंबा पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने चंबा में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश सरकार की आपदा प्रबंधन और राहत कार्य प्रणाली पर तीव्र आलोचना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार न तो आपदा से बचाव को लेकर गंभीर है और न ही प्रभावी तरीके से राहत कार्य लागू करने को लेकर संवेदनशीलता दिखा रही है।
जयराम ठाकुर ने बताया कि हर साल मानसून और सर्दी सीजन से पहले सरकार द्वारा उच्चस्तरीय बैठकें आयोजित कर मौसम विभाग के आंकड़ों की समीक्षा की जाती थी और जरूरी मशीनरी, बजट एवं योजना बनाई जाती थी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किए जा सकें। लेकिन इस बार मानसून शुरू होने से पहले ऐसी कोई भी उच्चस्तरीय बैठक नहीं हुई। उन्होंने इसे सरकार की असंवेदनशीलता करार दिया।

उन्होंने कहा कि आपदा के समय सरकार द्वारा दोष मापने और जुबानी हमले करने का चलन बन गया है। पहले की सरकारों को दोष देना और युद्धस्तरीय राहत कार्य शुरू न करना दुर्भाग्यपूर्ण रवैया है। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से अपील की कि केंद्र द्वारा जारी पैसों को शीघ्रता से प्रभावी तरीके से आपदा प्रभावितों तक पहुंचाया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि सरकार का झूठ और संवेदनहीनता लगातार बढ़ती जा रही है। विधान सभा सत्र के दौरान विपक्ष ने आपदा पर चर्चा की मांग की, जिसे काफी अनिच्छा के बाद स्वीकार किया गया। चार दिन चर्चा के बावजूद मुख्यमंत्री ज्यादातर समय सदन में नहीं थे। वे बिहार में बिना चुनाव के चुनावी यात्रा पर गए थे।

चंबा में मणिमहेश यात्रियों के फंसे होने की जानकारी भी उन्होंने सदन में दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले तो आधिकारिक तौर पर फंसे श्रद्धालुओं की संख्या केवल 3300 बताई थी, जबकि हमारी जानकारी में कम से कम 10,000 श्रद्धालु फंसे थे। दो दिन बाद भी सरकार को सही आंकड़ों की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि यह सरकार श्रद्धालुओं और जनता के प्रति इस तरह का प्रबंधन कर रही है। तीन दिन बाद सरकार ने मीडिया और सदन के सामने जाकर स्वयं स्वीकार किया कि उन्होंने 15,000 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला, जिनमें से कई ने 50-50 किलोमीटर की पैदल यात्रा करके राहत पाई।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा हमेशा समाज सेवा में तत्पर रहने वाली पार्टी रही है और आपदा पीड़ितों की मदद के लिए सदैव आगे रहेगी।