चिंतपूर्णी से जिला परिषद सदस्य रजनी मनकोटिया ने जिला चंबा को भेजी आपदा राहत सामग्री

चंबा 13 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से जिला परिषद सदस्य रजनी मनकोटिया ने जिला चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपसवाल को आपदा प्रभावितों की सहायता हेतु तीन गाड़ियां राहत सामग्री सौंपकर सहानुभूति और सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। रजनी मनकोटिया ने बताया कि उन्होंने अपने जिला परिषद बोर्ड एवं आम जनता से अपील की थी कि वे आपदा प्रभावितों की मदद में आगे आएं। जनता ने उनके इस प्रयास को सराहा और बड़ी मात्रा में नगद राशि व जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराई।इस आपदा राहत अभियान के तहत, रजनी मनकोटिया द्वारा जिला डीसी चंबा को 100 राशन किट, 100 गर्म कंबल, 25 तिरपाल, 10 पेटी सैनिटरी पैड, 40 रजाईयां, 50 सूट, 10,000 विभिन्न प्रकार की दवाइयों की गोलियां, छोटे बच्चों के लिए गर्म कपड़े, बिस्किट आदि सामग्री प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि यह राहत सामग्री विशेष रूप से उन लोगों के लिए तैयार की गई है, जो हाल ही में आए भूस्खलन और भारी बारिश के कारण सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।इस अवसर पर रजनी मनकोटिया ने जिला डीसी महोदय चंबा का आपदा प्रबंधन कार्य में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक सद्भाव और जनता की भागीदारी से इस कठिन समय में राहत कार्य और अधिक प्रभावी तरीके से आगे बढ़ेगा।रजनी मनकोटिया के साथ इस अवसर पर विनोद मनकोटिया, कंचन ठाकुर, विनोद कश्यप, अरुण जस्वाल, संगीता जस्वाल, सुनील मनकोटिया, डॉ. अमित मनकोटिया एवं अक्षिता मनकोटिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उपायुक्त चंबा ने रजनी मनकोटिया सहित सभी सहयोगी सदस्यों का इस सहयोग के लिए विशेष रूप से धन्यवाद किया। उनका यह मानवीय कदम आपदा राहत कार्य में एक प्रेरणा स्वरूप बना रहेगा।