बनीखेत में मल्टी लेयर पार्किंग सुविधा की घोषणा पर लोगों में खुशी, शीघ्र कार्यवाही की उम्मीद

डलहौजी़/चम्बा 13 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख नगर बनीखेत में पार्किंग समस्या को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस नेता मनीष सरीन ने हिमाचल प्रदेश सरकार को पत्र भेजकर मल्टी लेयर पार्किंग सुविधा की आवश्यकता पर बल दिया था। इसके बाद सरकार ने भी इस दिशा में कदम उठाते हुए हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग शिमला के इंजीनियरों को आवश्यक जांच और कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश डिप्टी सेक्रेटरी द्वारा चिफ मिनिस्टर के हस्ताक्षरित पत्र के माध्यम से भेजा गया, जिसमें स्पष्ट रूप से निर्माण कार्य से संबंधित कार्यवाही को समयबद्ध तरीके से संपन्न करने को कहा गया है।

पिछले वर्ष लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने चंबा दौरे के दौरान बनीखेत में ऐलान किया था कि जल्द ही इस क्षेत्र में मल्टी लेयर पार्किंग सुविधा का निर्माण किया जाएगा ताकि पार्किंग की समस्या से निजात मिल सके। हालांकि, विभागीय औपचारिकताओं के चलते यह प्रोजेक्ट लंबित था, लेकिन अब स्थिति स्पष्ट रूप से आगे बढ़ रही है। सरकार की ओर से यह संकेत मिल रहा है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।स्थानीय लोग और परिवहन से जुड़े विभिन्न हितधारक इस पहल को स्वागत योग्य मान रहे हैं। उनका मानना है कि यदि मल्टी लेयर पार्किंग सुविधा का निर्माण शीघ्र किया गया तो यह बनीखेत बस अड्डा को अत्यधिक लाभ पहुंचाएगा। इससे व्यावसायिक आवागमन में भी काफी सुधार देखने को मिलेगा। साथ ही, यातायात व्यवस्था में समुचित सुधार होगा, जिससे सड़क पर दुर्घटनाओं की संख्या में भी कमी आएगी।

इससे यात्रियों और नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी और अतिक्रमण की समस्या भी कम होगी।स्थानीय निवासियों का यह भी कहना है कि समय-समय पर पार्किंग की समस्या को लेकर कई बार प्रदर्शन और मांग की गई थी, लेकिन सरकार की इस पहल से आशा की जा रही है कि क्षेत्रवासियों की लंबित समस्याओं का समाधान निकलेगा। लोग सरकार से जल्द इस परियोजना को अमली जामा पहनाने की अपेक्षा कर रहे हैं ताकि बनीखेत शहर को व्यवस्थित, साफ-सुथरा और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था मिल सके।इस सकारात्मक पहल को लेकर बनीखेत क्षेत्र में व्यापक रूप से उम्मीदें बढ़ गई हैं और लोग सरकार के त्वरित कदम की प्रतीक्षा कर रहे हैं।