राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल कल 14 सितंबर को बनीखेत में आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री वितरित करेंगे

डलहौजी/चंबा, 13 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल आज दो दिवसीय दौरे पर चंबा जिले पहुंचे। वे डलहौजी में अपना प्रवास प्रारंभ करेंगे। उनका स्वागत विधायक विपिन परमार, डॉ. हंसराज, डीएस ठाकुर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीयों ने सम्मानपूर्वक किया। राज्यपाल का यह दौरा आपदा प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा करने एवं प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि 14 सितंबर, रविवार को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल सुबह 11 बजे बनीखेत पंचायत भवन में आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस अवसर पर प्रभावित लोगों को जरूरी खाद्य सामग्री, कंबल, दवाइयां, और अन्य प्राथमिक वस्तुएं प्रदान की जाएंगी। राहत सामग्री वितरण के बाद राज्यपाल दोपहर में डलहौजी से चंबा के लिए प्रस्थान करेंगे। रात्रि विश्राम हेतु उनका परिधि गृह चंबा में ठहराव रहेगा।उपायुक्त ने आगे बताया कि राज्यपाल का 15 सितंबर का कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण रहेगा।

वे विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे, ताकि स्थानीय हालात का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश जारी कर सकें। इसके पश्चात वे दोपहर बाद चंबा से नूरपुर, जिला कांगड़ा के लिए रवाना होंगे। इस दौरे के दौरान राज्यपाल प्रभावित क्षेत्रों की तत्काल आवश्यकताओं, पुनर्वास कार्यों की स्थिति और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का यह दौरा प्रशासनिक प्रयासों को मजबूत बनाने और आम जनता को राहत पहुंचाने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। स्थानीय प्रशासन ने भी राहत कार्यों को प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।