राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने चंबा के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने चंबा के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

चंबा, 15 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज चंबा उपमंडल के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का निरीक्षण किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर प्रभावित लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को प्रभावित जनों की मदद के लिए त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।राज्यपाल ने सबसे पहले ग्राम पंचायत करियां में राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर भूस्खलन से प्रभावित स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

इसके बाद उन्होंने कलसूंई व घरवाला क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय उच्च मार्ग का दौरा किया और लोथल घार क्षेत्र का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित मार्गों की जल्द से जल्द मरम्मत कर यातायात सुगम बनाने के निर्देश दिए।इस अवसर पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने घरवाला क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के त्रिलोचन महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में प्रशासन और समाजजन एकजुट होकर ही आपदा प्रबंधन को सफल बना सकते हैं।

राज्यपाल को उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल द्वारा आपदा से हुई क्षति का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया गया। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राहत कार्य, प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास प्रयास, क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत, तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत वितरण एवं आवश्यक कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, विपिन परमार, डॉ. जनक राज, डीएस ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज नरयाल, राज्यपाल के सचिव सीपी वर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, विभिन्न विभागीय अधिकारियों व राष्ट्रीय जल विद्युत निगम के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। राज्यपाल ने प्रभावित जनों के प्रति संवेदनशीलता और प्रशासन की जवाबदेही पर जोर देते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!