राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत में मनाया गया विश्व ओजोन दिवस, भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिखाई दक्षता

डलहौजी/चंबा, 15 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत में विश्व ओजोन दिवस बड़ी धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड चंबा के जूनियर इंजीनियर अखिल ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विशेष रूप से ओजोन परत के महत्व को समझाना था।

कार्यक्रम के दौरान भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पाठशाला के विभिन्न कक्षा के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में जमा दो की छात्रा रुचिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जमा एक की छात्रा शगुन ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि 12वीं कक्षा की छात्रा अंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। जिला प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड चंबा की ओर से सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य श्री प्रीतम ठाकुर ने बच्चों और अभिभावकों से अपील की कि वे प्रदूषण को कम करने के प्रयास करें तथा ओजोन परत के संरक्षण में योगदान दें। उन्होंने विशेष रूप से प्लास्टिक का उपयोग कम करने, प्लास्टिक के उत्पादों का पुनः उपयोग व रीसायकलिंग करने के टिप्स भी साझा किए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, खासकर आने वाली पीढ़ी का यह दायित्व और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।

भाषण प्रतियोगिता में नीरज शर्मा (प्रवक्ता राजनीतिक शास्त्र), रीना भट्ट (प्रवक्ता गणित), डोली किश्तवाड़िया (प्रवक्ता अंग्रेजी) ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। संदीप शर्मा (प्रवक्ता केमिस्ट्री) ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर पाठशाला के समस्त अध्यापकगण एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और पूरी निष्ठा व उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।