पठानकोट -तूनूहटी और अन्य मुख्य मार्गों को लेकर विशेष यातायात निर्देश जारी, वाहन चालक रहें सावधान

डलहौजी/चंबा, 16 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
आज भटीयात प्रशासन ने आम जनता को सूचित किया है कि पठानकोट-तूनूहटी सड़क मार्ग तथा दुनेरा-सुलियाली रोड केवल छोटे वाहनों के लिए ही खोले गए हैं। बड़े और भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतः रोक लगाई गई है, ताकि सड़क संरचना की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त, लाहडु- सिंहुता सड़क मार्ग भी फिलहाल यातायात के लिए पूरी तरह बंद है।सभी वाहनों को यह सलाह दी जा रही है कि तूनूहटी से नूरपुर की ओर जाने वाला लाहरू मार्ग उपयोग करें। इस मार्ग पर होबार्डी क्षेत्र में एक पुल स्थित है, जिसकी भार उठाने की क्षमता केवल 9 टन है।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि दोनों पुलिस बैरियर पर इस बात की सख्त निगरानी की जा रही है कि कोई भी 9 टन से अधिक भार वाला वाहन इस पुल से होकर न गुजरे।अधिकारीयों ने आम जनता से विशेष अपील की है कि जरूरी कार्य के अलावा भारी वाहन इस मार्ग का उपयोग न करें। ताकि पुल और सड़क संरचना को कोई नुकसान न पहुंचे और यातायात सुचारू रूप से चल सके। प्रशासन का कहना है कि जब तक पठानकोट-तूनूहटी मार्ग पूरी तरह से मरम्मत और सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक भारी वाहनों के आने पर कड़ाई से रोक रहेगी।

वहीं, अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि संबंधित मार्ग जल्द ही बड़े वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा, जब सड़क की मजबूती और सुरक्षा का पूर्ण परीक्षण कर लिया जाएगा। आमजन को अनुरोध किया गया है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें।इस दौरान प्रशासन पूरी तरह चौकस है और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहेगा। जनता से सहयोग की अपील की गई है ताकि यातायात बाधित न हो और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
