बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में रोजगार मेला आयोजित, 40 युवाओं को मिला रोजगार

डलहौजी/चंबा 16 सितंबर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में मंगलवार को रोजगार मेला का सफल आयोजन किया गया। यह रोजगार मेला बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना था। इस अवसर पर टाटा मोटर्स पंतनगर, उत्तराखंड की ओर से सीएनसी मैकेनिक, ऑटोमोबाइल, ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग, सेंट्रल एयर कंडीशन प्लांट मैकेनिक, मशीनिस्ट टूल रूम, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स व इलेक्ट्रॉनिक्स मशीन, फिटर, मोटर मैकेनिक और मशीनिस्ट ट्रेड्स में आईटीआई पास अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए गए।रोजगार मेले में कुल 70 युवाओं ने भाग लिया, जिन्होंने अपनी योग्यता और दक्षता के आधार पर चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। मेले के दौरान चयन प्रक्रिया को पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से संपन्न किया गया। परिणामस्वरूप, 40 प्रतिभागी विभिन्न पदों के लिए चयनित किए गए।

चयनित अभ्यर्थियों को टाटा मोटर्स कंपनी की ओर से लगभग ₹14,000 मासिक वेतन देने की घोषणा की गई है।परवेज अली बट्ट ने चयनित युवाओं को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के रोजगार मेले युवाओं के करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में भी आईटीआई संस्थान में रोजगार मेले का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा, ताकि और अधिक युवाओं को उद्योग से जोड़ने का प्रयास जारी रहे।इस रोजगार मेले ने क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का सुनहरा अवसर प्रदान किया। अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने भी इस पहल की सराहना की। प्रशासन व टाटा मोटर्स की संयुक्त कोशिश से यह मेले एक बड़ी सफलता साबित हुआ।