विशाल विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन, नशा मुक्त समाज और पर्यावरण संरक्षण पर दिया जाएगा संदेश

डलहौजी/चम्बा 22 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंबा के सहयोग से एक विशाल विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर रविवार, 25 दिसंबर 2025 को प्रातः 11 बजे चिनार पैलेस, पद्दर बनीखेत, जिला चंबा (हिमाचल प्रदेश) में आयोजित होगा।
इस विधिक साक्षरता शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को कानून संबंधी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। शिविर में “नशा मुक्त समाज, भारत का संकल्प”, “पर्यावरण संरक्षण एवं भूमंडल संरक्षण” तथा “आपदा पीड़ितों का पुनर्वास” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इन विषयों के माध्यम से समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति चेतना फैलाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा आपदाओं से प्रभावित लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने पर विशेष जोर रहेगा।

कार्यक्रम में माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा, सुश्री प्रीति ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। उनकी उपस्थिति में विधिक जागरूकता से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला जाएगा तथा लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
शिविर के दौरान आम जनता को विधिक परामर्श, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, नशा उन्मूलन से संबंधित कानून, पर्यावरण संरक्षण के कानूनी प्रावधान एवं आपदा पीड़ितों के पुनर्वास से जुड़े अधिकारों के बारे में सरल भाषा में अवगत कराया जाएगा।
इस कार्यक्रम के आयोजक उपमंडल विधिक सेवा समिति, डलहौजी के अध्यक्ष दिव्या शर्मा ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस विधिक साक्षरता शिविर में भाग लें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें। यह शिविर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।