बाथरी में आयोजित सुशासन शिविर में जनता को मिली त्वरित राहत, 14 इंतकाल सत्यापित

डलहौजी़/चम्बा 22 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
बाथरी क्षेत्र में प्रशासन द्वारा सुशासन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से एक सुशासन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना रहा। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के समक्ष रखीं।शिविर के दौरान कुल 14 म्यूटेशन (इंतकाल) मामलों को मौके पर ही सत्यापित किया गया, जिससे लंबे समय से लंबित राजस्व मामलों में लोगों को बड़ी राहत मिली। इसके अलावा लगभग 6 शिकायतों का भी मौके पर ही समाधान किया गया।

शिकायतों में राजस्व, प्रमाण पत्र, भूमि रिकॉर्ड एवं अन्य प्रशासनिक विषय शामिल रहे। संबंधित अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई करते हुए समाधान सुनिश्चित किया।सुशासन शिविर में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र भी जारी किए गए, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उठाने में आसानी होगी। प्रमाण पत्र मिलने से लोगों को अब कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सीधे लाभ मिलता है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।

अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया कि जन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन सदैव तत्पर है और सुशासन शिविरों के माध्यम से पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और मजबूत किया जाएगा।