ग्राम पंचायत टुंडी में सामुदायिक पुस्तकालय का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगी आधुनिक अध्ययन की सुविधा

ग्राम पंचायत टुंडी में सामुदायिक पुस्तकालय का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगी आधुनिक अध्ययन की सुविधा

भटीयात/ चम्बा 22 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

ग्राम पंचायत टुंडी में आज विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सामुदायिक पुस्तकालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराना वर्तमान समय की आवश्यकता है और इस दिशा में सामुदायिक पुस्तकालय एक महत्वपूर्ण कदम है।विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि पुस्तकालय में युवाओं के अध्ययन के लिए अनुकूल एवं शांत वातावरण सुनिश्चित किया गया है। युवाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगभग 10 लाख रुपये की राशि से पुस्तकें, आधुनिक फर्नीचर, वाई-फाई सुविधा, कंप्यूटर सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे तथा ठंडे व गरम पेयजल की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में पुस्तकालय केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि तकनीकी सुविधाओं से भी सुसज्जित होने चाहिए, ताकि युवा आधुनिक प्रतिस्पर्धा में पीछे न रहें।कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से भटियात क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगातार पुस्तकालय खोले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व ग्राम पंचायत मन्हुता, अवांह, होबार, सियुन्ता तथा ककीरा में भी सामुदायिक पुस्तकालयों की शुरुआत की जा चुकी है, जिनका लाभ क्षेत्र के सैकड़ों युवा उठा रहे हैं।इस अवसर पर उप मंडलीय प्रशासन की ओर से उपमंडल दंडाधिकारी नागरिक (एसडीएम) पारस अग्रवाल तथा ग्राम पंचायत की ओर से प्रधान पवन कुमार और उप प्रधान सुभाष चंद्र ने विधानसभा अध्यक्ष को शाल एवं टोपी भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सदस्य निदेशक मंडल राज्य वन निगम चेला कृष्ण चंद, पूर्व अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विजय कंवर, नगर पंचायत चुवाड़ी के उपाध्यक्ष सुरेंद्र चाढक, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!