भटियात में परोल–भियोरा संपर्क मार्ग का शिलान्यास, 90 लाख की लागत से होगा निर्माण: कुलदीप सिंह पठानिया

भटीयात/चम्बा 23 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत गोला में परोल–भियोरा संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लंबे समय से प्रतीक्षित इस सड़क परियोजना के आरंभ होने से स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की।विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने अपने संबोधन में बताया कि परोल–भियोरा संपर्क मार्ग के निर्माण पर लगभग 90 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्रवासियों की एक प्रमुख और पुरानी मांग थी, जिसके पूर्ण होने से परोल, भियोरा सहित आसपास के गांवों को सुगम एवं सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध होगी।

इससे न केवल दैनिक आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को राहत मिलेगी।उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में इस संपर्क मार्ग को मोतला–काथला संपर्क मार्ग तक विस्तारित किया जाएगा। इसके लिए भियोरा नाला पर लोहे के पुल के निर्माण को लेकर विभागीय अधिकारियों को शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण किया जाएगा और इसकी नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।इस दौरान स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पदर–तला संपर्क मार्ग के सर्वेक्षण कार्य को शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सुदृढ़ सड़क नेटवर्क अत्यंत आवश्यक है और प्रदेश सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याएं भी सुनीं। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष के शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।इस अवसर पर राज्य वन निगम के सदस्य निदेशक मंडल चेला कृष्ण चंद, एसडीएम पारस अग्रवाल, उप पुलिस अधीक्षक शेर सिंह, वन मंडल अधिकारी रजनीश कुमार, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, पंकज राठौर, नरेंद्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।