प्रशासन गाँव की ओर अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

चम्बा 23 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
सुशासन सप्ताह के अंतर्गत “प्रशासन गाँव की ओर” अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय चंबा में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निवारण, विभागीय सेवाओं की प्रगति तथा अभियान अवधि में किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बैठक में कहा कि सीएम हेल्पलाइन के तहत प्राप्त सभी शिकायतों का समाधान निर्धारित प्रावधानों के अनुसार 28 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सुशासन सप्ताह की अवधि के दौरान अधिक से अधिक शिकायतों का निस्तारण कर उन्हें क्लोज किया जाए, ताकि सुशासन की प्रक्रिया को गति मिले और आम जनता का प्रशासन पर विश्वास और सुदृढ़ हो सके।बैठक में वन विभाग से संबंधित पांगी व चंबा क्षेत्र की लंबित शिकायतों पर विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।उल्लेखनीय है कि सुशासन सप्ताह के अंतर्गत 19 दिसंबर से 25 दिसंबर तक जिला चंबा के विभिन्न उपमंडलों में “प्रशासन गाँव की ओर” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इन कार्यक्रमों के तहत विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जिनमें आम जनता की शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सरकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को प्रदान की जा रही है।कार्यक्रम की निरंतरता में 23 दिसंबर को जिला स्तर पर सुशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर एक कार्यशाला का आयोजन भी किया गया, जिसमें सेवा वितरण प्रणाली को सशक्त बनाने, जन-समस्याओं के त्वरित समाधान तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय पर विचार-विमर्श किया गया।इस अवसर पर उपायुक्त ने यह भी बताया कि कार्यालयों में प्राप्त भौतिक (फिजिकल) शिकायतों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जा सकता है, जिससे शिकायतों की ट्रैकिंग सरल होती है और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन पोर्टल की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा, सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, एसडीएम प्रियांशु खाती व चंद्रवीर सिंह, उपनिदेशक कृषि भूपेंद्र सिंह, उद्यान विभाग के प्रमोद शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।