भटियात में धामोई संपर्क मार्ग का शिलान्यास, 90 लाख से बनेगी नई सड़क: कुलदीप सिंह पठानिया

भटियात में धामोई संपर्क मार्ग का शिलान्यास, 90 लाख से बनेगी नई सड़क: कुलदीप सिंह पठानिया

डलहौजी/ चम्बा 24 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

भटियात विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज ग्राम पंचायत टप्पर में धामोई संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि धामोई संपर्क मार्ग के निर्माण पर लगभग 90 लाख रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी। सड़क के निर्माण से धामोई सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को बल मिलेगा।विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

द्वितीय चरण में धामोई सड़क को नगाली संपर्क मार्ग से जोड़ा जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य जून 2026 तक पूर्ण किया जाए, ताकि लोगों को समयबद्ध लाभ मिल सके।कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों के दौरान लगभग 140 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय कर करीब 50 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया गया है। इसी अवधि में लगभग 30 किलोमीटर सड़क मार्ग का उन्नयन कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। उन्होंने क्षेत्र के प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।उन्होंने बताया कि वर्तमान में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 130 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न सड़क परियोजनाएं प्रगति पर हैं।

स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने कनियाडका-धामोई संपर्क मार्ग के उन्नयन के लिए 50 लाख रुपये तथा क्षेत्र की क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं के पुनर्निर्माण के लिए भी 50 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की।कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याओं को सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। इस अवसर पर उपमंडल दंडाधिकारी नागरिक अनिल भारद्वाज, उप पुलिस अधीक्षक मयंक शर्मा, वन मंडल अधिकारी रजनीश कुमार, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, पंकज राठौर, नरेंद्र चौधरी, पंचायत प्रधान संजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!