राजकीय महाविद्यालय बनीखेत में सात दिवसीय एनएसएस के विशेष शिविर का आज से हुआ शुभारंभ

राजकीय महाविद्यालय बनीखेत में सात दिवसीय एनएसएस के विशेष शिविर का आज से हुआ शुभारंभ

डलहौजी/ चम्बा 24 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

राजकीय महाविद्यालय के प्रांगण में आज सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय नाग ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षकगण, कर्मचारी तथा एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. विजय नाग ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय सेवा योजना की थीम “यूथ फॉर माई भारत” निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि यह थीम युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करती है तथा उनमें सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करती है। डॉ. नाग ने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे शिविर के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों में पूर्ण उत्साह, समर्पण और अनुशासन के साथ भाग लें तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझें।कार्यक्रम के दौरान प्रमुख समन्वयक एवं कार्यक्रम अधिकारी विजय कुमार ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज सेवा से जोड़ने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, सामूहिक कार्य भावना और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास किया जाता है। उन्होंने सात दिवसीय शिविर की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता तथा विभिन्न सामुदायिक सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।उन्होंने स्वयंसेवकों से अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संदेश देते हुए कहा कि एनएसएस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा का भाव है। उद्घाटन समारोह में महाविद्यालय के आचार्य डॉ. मनोज कुमार, मोनिका देवी, संजय कुमार सहित अन्य शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!