जुब्बल में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का दौरा, एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन से लेकर शैक्षणिक विकास कार्यों में लिया भाग

शिमला 24 दिसम्बर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर आज अपने गृह क्षेत्र जुब्बल के दौरे पर रहे, जहाँ उन्होंने विभिन्न जनहित और शैक्षणिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। अपने प्रवास की शुरुआत उन्होंने जुब्बल के ऐतिहासिक खेल स्टेडियम में आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन से की। नशा-मुक्त हिमाचल अभियान के तहत जुब्बल प्रशासन द्वारा आयोजित इस जागरूकता रैली में स्कूलों, महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों सहित लगभग 1200 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिक्षा मंत्री ने प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उपस्थित जनसमूह को नशा-मुक्ति का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि चिट्टे जैसे घातक नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने होंगे।

इसके पश्चात शिक्षा मंत्री ने खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, जुब्बल के 27 लाख रुपये की लागत से नवीनीकृत कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इस भवन से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सरस्वती नगर में एनएसयूआई की महाविद्यालय इकाई द्वारा आयोजित “उड़ान महासंगम-2” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश के सुप्रसिद्ध कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। उन्होंने महाविद्यालय को क्षेत्र का प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान बताते हुए कहा कि यहाँ से शिक्षा प्राप्त विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले तीन वर्षों में बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति से शिक्षा स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने सरस्वती नगर महाविद्यालय में बीपीएड पाठ्यक्रम शीघ्र शुरू करने, बीबीए ब्लॉक एवं इंडोर स्टेडियम निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित करने की भी जानकारी दी। इसके अतिरिक्त उन्होंने 35 लाख रुपये की लागत से नवीनीकृत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और एक करोड़ रुपये से निर्माणाधीन महाविद्यालय मैदान के कार्यों का निरीक्षण किया।