सलूणी की लापता युवती मामला, आरोपी शिक्षक के परिजनों से पूछताछ, पुलिस ने अफवाहों का किया खंडन

सलूणी की लापता युवती मामला: आरोपी शिक्षक के परिजनों से पूछताछ, पुलिस ने अफवाहों का किया खंडन

सलूणी/ चम्बा 25 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले के सलूणी उपमंडल की बालू क्षेत्र से तीन माह से लापता युवती के मामले में पुलिस जांच लगातार जारी है। युवती की तलाश के लिए पुलिस ने आरोपी शिक्षक के परिजनों से गहन पूछताछ की है। इस कड़ी में आरोपी की पत्नी से वन विभाग के रेस्ट हाउस में काफी देर तक पूछताछ की गई। इसके अलावा पढ़ाई के सिलसिले में हमीरपुर गए आरोपी के बेटे को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां उससे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल किए गए।पुलिस ने लापता युवती की सहेलियों से भी पहले ही पूछताछ कर ली है, ताकि युवती की दिनचर्या, संपर्कों और अंतिम गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। वहीं, आरोपी के ससुराल पक्ष से भी पूछताछ की गई है। हालांकि आरोपी शिक्षक अब तक की पूछताछ में यही दावा करता रहा है कि उसने युवती को नूरपुर तक छोड़ा था और इसके बाद वह कहां गई, इसकी उसे कोई जानकारी नहीं है।पुलिस ने आरोपी और युवती के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर सभी संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया है। इसके साथ ही गोताखोरों की मदद से चमेरा जलाशय की गहराई में भी युवती की खोज की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है।इस बीच पुलिस सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि मामले में आरोपी के किसी अन्य करीबी रिश्तेदार की भूमिका की जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी भी हो सकती है। हालांकि इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।उधर, चंबा पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों का सख्ती से खंडन किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवती बीना सुपुत्री लोकी राम, गांव नचनोठी, तहसील सलूणी को लेकर नौकरी से निकाले जाने जैसी अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। पुलिस के अनुसार 28 सितंबर 2025 को नूरपुर के कुशीनगर क्षेत्र में युवती को देखे जाने की सूचना फोटो सहित सार्वजनिक की गई थी, ताकि सुराग मिल सके। एसपी विजय सकलानी ने कहा कि जांच हर पहलू से की जा रही है और लोगों से अपील की कि अफवाहों से बचें तथा किसी भी ठोस जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 01899-222226 पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!