डलहौजी (बनीखेत)में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित, नशामुक्त समाज व पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

डलहौजी /चम्बा 25 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपमंडल विधिक सेवा समिति डलहौजी द्वारा बनीखेत स्थित चिनार पैलेस में एक दिवसीय विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमणीक शर्मा ने की। शिविर का मुख्य विषय “नशामुक्त समाज, भारत का संकल्प, पर्यावरण संरक्षण, भू-संसाधन संरक्षण एवं आपदा पीड़ित पुनर्वास” रखा गया।

कार्यक्रम की शुरुआत श्री सत्य साईं पब्लिक स्कूल बनीखेत एवं गुरु नानक पब्लिक स्कूल डलहौजी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत वंदे मातरम तथा हनुमान चालीसा से हुई, जिससे वातावरण देशभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत हो गया। इसके उपरांत राजकीय महाविद्यालय बनीखेत, डीएवी कॉलेज बनीखेत, स्थानीय पुलिस तथा डलहौजी के अधिवक्ताओं ने भी शिविर के विषय से संबंधित अपने विचार व्यक्त किए।

अपने संबोधन में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमणीक शर्मा ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ समाज की नींव को भी कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रयास करने वाला प्रत्येक नागरिक सच्चा देशभक्त है। पर्यावरण संतुलन के बिगड़ने से बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने नागरिकों से व्यक्तिगत स्तर पर संरक्षण के प्रयास करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नशे के बढ़ते प्रचलन से समाज के नैतिक मूल्यों में गिरावट आ रही है, जिसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है। युवाओं को नशे का सेवन करने वाली संगत से दूर रहने की सलाह दी गई।कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। शिविर में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निखिल अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। न्यायिक दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष उपमंडल विधिक सेवा समिति डलहौजी दिव्या शर्मा ने मुख्य अतिथि को शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया।

शिविर में अधिवक्ता नितिन महाजन ने गिरफ्तार व्यक्तियों के अधिकारों, आर.एल. ठाकुर ने मोटर वाहन अधिनियम तथा आदित्य महाजन ने एन.आई. एक्ट की जानकारी दी। इस अवसर पर पुलिस, अग्निशमन विभाग, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
