नक़रोड में ट्रैफिक व्यवस्था सुधार को लेकर पुलिस, टैक्सी यूनियन व व्यापार मंडल की अहम बैठक

नक़रोड में ट्रैफिक व्यवस्था सुधार को लेकर पुलिस, टैक्सी यूनियन व व्यापार मंडल की अहम बैठक

तीसा/चुराह 15 जनवरी दिलीप सिंह ठाकुर

उपमंडल चुराह के नक़रोड क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ और सुव्यवस्थित बनाने को लेकर पुलिस, टैक्सी यूनियन तथा व्यापार मंडल के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी तीसा अशोक कुमार चौधरी ने की। बैठक में क्षेत्र में बढ़ती ट्रैफिक समस्याओं, अव्यवस्थित पार्किंग और बाजार में जाम की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक का मुख्य उद्देश्य नक़रोड बाजार क्षेत्र में टैक्सियों की उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करना, सवारियों के चढ़ने–उतरने के लिए निर्धारित स्थान तय करना तथा अनियंत्रित यातायात से उत्पन्न हो रही समस्याओं का समाधान निकालना रहा। थाना प्रभारी अशोक कुमार चौधरी ने बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस, टैक्सी यूनियन और व्यापार मंडल का आपसी सहयोग अत्यंत आवश्यक है।थाना प्रभारी ने टैक्सी चालकों को निर्देश दिए कि वे केवल निर्धारित स्थानों पर ही अपने वाहन खड़े करें और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े कर जाम की स्थिति उत्पन्न न करें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।बैठक के दौरान व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम, ग्राहकों को होने वाली असुविधा और दुकानों के सामने अवैध पार्किंग जैसी समस्याओं को उठाया तथा उनके समाधान के लिए सुझाव भी दिए।

वहीं टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि वे अपने चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करेंगे।अंत में आपसी सहमति से यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में भी इस तरह की समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी और मिल-जुलकर ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा, ताकि आम जनता, व्यापारियों और यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!