चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत झज्जाकोठी में आगजनी, दो मंजिला दुकान जलकर राख, 15 लाख का नुकसान

तीसा/ चुराह 16 जनवरी दिलीप सिंह ठाकुर
चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत झज्जाकोठी में बीती देर रात आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई है। इस हादसे में एक दो मंजिला दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा फर्नीचर, लकड़ी का सामान और मशीनरी पूरी तरह नष्ट हो गई। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस घटना में मकान मालिक और किरायेदार को करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।जानकारी के अनुसार झज्जाकोठी गांव निवासी अजय कुमार ने अपनी दो मंजिला दुकान ननोड़ी गांव के शेर सिंह को किराए पर दे रखी थी। शेर सिंह इस दुकान में फर्नीचर बनाने का कार्य करता था। देर रात अचानक दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने के लिए राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने पानी और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही समय में उसने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज़ लपटों के कारण दुकान के दोनों मंजिलों में रखा फर्नीचर, लकड़ी, मशीनें और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। सौभाग्यवश इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने रोजनामचे में आगजनी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।वहीं, उपमंडलीय प्रशासन की ओर से पटवारी को आगजनी से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत प्रदान की जा सके।