सड़क सुरक्षा माह के तहत परिवहन विभाग आयोजित करेगा सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव प्रतियोगिता

चम्बा 16 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हर वर्ष जनवरी माह को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में परिवहन विभाग द्वारा लोगों को रचनात्मक माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश देने के लिए सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) चंबा राम प्रकाश ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 18 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है। प्रतिभागी सड़क सुरक्षा विषय पर आधारित लघु फिल्म या वीडियो तैयार कर सकते हैं, जो हिंदी या अंग्रेजी भाषा में हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि लघु फिल्म अथवा वीडियो की अधिकतम अवधि पांच मिनट निर्धारित की गई है।इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां 15 फरवरी तक परिवहन विभाग की ई-मेल आईडी departmentoftransporthp@gmail.com पर भेज सकते हैं। इसके अतिरिक्त प्रतिभागी अपनी फिल्म या वीडियो को स्वयं परिवहन निदेशालय में भी जमा करवा सकते हैं।आरटीओ राम प्रकाश ने बताया कि यह प्रतियोगिता चार अलग-अलग आयु वर्गों में आयोजित की जाएगी, जिसमें 18 से 25 वर्ष, 25 से 32 वर्ष, 32 से 40 वर्ष तथा 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल हैं। प्रत्येक आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा पांच-पांच हजार रुपये के बीस अन्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए प्रतिभागी दूरभाष नंबर 01772-808950, 9805473133 अथवा ई-मेल prog-transrsc@hp.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही आरटीओ कार्यालय, चंबा से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।परिवहन विभाग ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सड़क सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।