डलहौजी सिविल अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की बैठक, स्टाफ की कमी व सुविधाओं के विस्तार पर हुई चर्चा

डलहौजी/ चम्बा 06 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्थानीय सिविल अस्पताल में वीरवार को रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डी. एस. ठाकुर ने की। इस दौरान एसडीएम एवं रोगी कल्याण समिति के चेयरमैन अनिल भारद्वाज भी विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक का संचालन सिविल अस्पताल डलहौजी की एसएमओ डॉ. सीमा अत्री ने किया। इसके अलावा बीएमओ समोट डॉ. श्याम भी बैठक में उपस्थित रहे।बैठक में रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी के सदस्यों ने भाग लिया और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं तथा आवश्यक सुधारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर विधायक डी. एस. ठाकुर ने कहा कि सिविल अस्पताल डलहौजी की आवश्यक मांगों को प्रदेश सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में स्टाफ की कमी, ऑक्सीजन प्लांट की मरम्मत और सेंट्रल हीटिंग सिस्टम को सुचारू करने जैसे मुद्दे प्राथमिकता के साथ उठाए जाएंगे।एसडीएम अनिल भारद्वाज ने कहा कि प्रशासन अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए हर समय तत्पर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।बैठक के दौरान एसएमओ डॉ. सीमा अत्री ने जानकारी दी कि अस्पताल में इस समय डॉक्टरों के तीन पद और नर्सिंग स्टाफ के दस पद खाली हैं। नर्सिंग स्टाफ के कुल 14 स्वीकृत पदों में से केवल चार नर्स ही सेवाएं दे रही हैं। इसके अलावा अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट पिछले वर्ष मई माह से खराब पड़ा है, जिसकी मरम्मत पर लगभग 12 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।उन्होंने बताया कि वर्तमान में रोगी कल्याण समिति के पास लगभग 8 लाख 72 हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध है।
बैठक में यह भी बताया गया कि अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस और अल्ट्रासाउंड की सुविधाएं शुरू की जाएंगी। साथ ही भवनों की छतों की मरम्मत, नया फर्नीचर, एबीजी मशीन तथा टीबी मरीजों के लिए सीबी-नोट मशीन जैसी सुविधाओं पर भी चर्चा की गई। बैठक में समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
