अनुसूचित जाति के लोगों के साथ बिजली विभाग कर रहा सौतेला व्यवहार :- बाबूराम अहीर

कांग्रेस अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नागरिक बाबूराम अहीर ने बिजली विभाग और प्रशासन पर अनुसूचित जाति के लोगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत द्रड्डा के अंतर्गत आने वाले गांव हुझाड़ को कई सरकारी योजनाओं से वंचित रखा गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बाबूराम अहीर ने बताया कि पिछले लगभग पांच वर्षों से गांव की समस्याओं की ओर शासन और प्रशासन का कोई ध्यान नहीं दिया गया है। पंचायत द्वारा कई बार प्रस्ताव पारित करने के बावजूद भी संबंधित विभागों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग का रवैया भी अनुसूचित जाति के लोगों के प्रति सौतेला दिखाई दे रहा है।उन्होंने बताया कि गांव में एक बिजली का खंभा लंबे समय से गिरने की कगार पर है, जो कभी भी बड़ा हादसा कर सकता है। इस बारे में वर्ष 2023 से बिजली विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक उस खंभे को बदला नहीं गया। इसके अलावा पंचायत की ओर से अतिरिक्त बिजली के खंभों की मांग भी भेजी गई थी, लेकिन अभी तक उन्हें भी नहीं लगाया गया है।बाबूराम अहीर ने कहा कि इस संबंध में चंबा सदर के विधायक नीरज नैयर से भी मुलाकात की गई थी।

विधायक ने बिजली विभाग को आवश्यक निर्देश भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।उन्होंने यह भी बताया कि द्रड्डा पंचायत के अन्य वार्डों में सोलर लाइटें लगाई जा चुकी हैं, जबकि अनुसूचित जाति के गांव हुझाड़ को इससे वंचित रखा गया है। इसके अलावा पिछले साल आई प्राकृतिक आपदा में पैदल रास्ता और श्मशान घाट तक जाने वाला रास्ता डॉडनी नाला (ड्राबड़ू) के पास बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गया था तथा खेतों को भी भारी नुकसान पहुंचा था, लेकिन अभी तक किसी भी विभाग ने इसकी मरम्मत नहीं करवाई है।वहीं, इस मामले पर बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता परवेश ठाकुर ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कर जल्द ही संबंधित बिजली के खंभे को बदल दिया जाएगा, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।