एमटीवी चंबा क्रॉस कंट्री साइकिलिंग रेस का 21–22 मार्च को होगा आयोजन :- उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल

एमटीवी चंबा क्रॉस कंट्री साइकिलिंग रेस का 21–22 मार्च को होगा आयोजन :- उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल

चम्बा 07 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में चलो चंबा अभियान के तहत 21 से 22 मार्च को आयोजित होने वाली एमटीवी चंबा क्रॉस कंट्री साइकिलिंग रेस की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में एक बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने बैठक के दौरान आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि चलो चंबा अभियान के अंतर्गत इस क्रॉस कंट्री साइकिलिंग रेस का आयोजन चंबा साइकिलिंग एसोसिएशन के सहयोग से किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि लगभग 65 किलोमीटर लंबी इस प्रतिस्पर्धा का रेस रूट चंबा–भद्रम–गैला–दियोलीहटी–सुंगल–कोहा–चमीणु–सराहन–पेनेला–वाट–कुमारका–बाड़ीदेहरा–ब्रजेश्वरी मंदिर होते हुए चंबा परिधि गृह तक रहेगा।मुकेश रेपसवाल ने आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए चंबा साइकिलिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों को पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक नियंत्रण तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आयोजन के दौरान होमगार्ड तथा आपदा मित्रों का सहयोग उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया।जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बैठक में कार्यवाही का संचालन करते हुए आयोजन से संबंधित विस्तृत रूपरेखा की जानकारी साझा करते हुए अपेक्षित विभिन्न विभागीय सहयोग एवं समन्वय के बारे में भी अवगत किया। इस अवसर पर चंबा साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में देश के प्रसिद्ध प्रतिभागी हिस्सा लेंगे तथा सब-जूनियर, अंडर-19, ओपन, मास्टर, वूमेन जूनियर तथा वूमेन सीनियर श्रेणियों में प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।बैठक में लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं के साथ-साथ रेस्क्यू एवं डिजास्टर मैनेजमेंट से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शर्मा, उपमंडल दंडाधिकारी प्रियांशु खाती, कार्यवाहक सहायक आयुक्त राहुल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. भारद्वाज, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार, सहायक अभियंता अजय कुमार, गौरव ठाकुर, वरिष्ठ अग्नि शमन अधिकारी राजेश कुमार, चंबा साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रकांत, आपदा प्रबंधन शाखा प्रभारी सुमित गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!