अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पुलिस मैदान वारगाह में होगी अस्मिता लीग खेल प्रतियोगिता

चम्बा 07 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को पुलिस मैदान वारगाह में अस्मिता लीग खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना तथा उन्हें शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।जिला युवा अधिकारी विवेक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को खेलों में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करते हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।प्रतियोगिता के अंतर्गत एथलेटिक्स की विभिन्न प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों के लिए कुछ स्थानीय मनोरंजन खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं और बालिकाएं इसमें भाग लेकर खेलों का आनंद ले सकें।

जिला युवा अधिकारी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्राएं भाग लेंगी। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित बालिकाएं और महिलाएं भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।उन्होंने सभी पात्र प्रतिभागियों से अपील की है कि वे इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लें और खेलों के माध्यम से अपने स्वास्थ्य और आत्मविश्वास को मजबूत बनाएं। इस आयोजन से महिलाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक अच्छा मंच भी प्राप्त होगा।आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार के कार्यक्रम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और समाज में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होते