विधानसभा क्षेत्र चुराह के गांव कुम्हरका के लिए बनी सड़क का विधायक हंसराज ने किया विधिवत् उद्घाटन

विधानसभा क्षेत्र चुराह के गांव कुम्हरका के लिए बनी सड़क का विधायक हंसराज ने किया विधिवत् उद्घाटन

तीसा/चुराह 08 मार्च दिलीप सिंह ठाकुर

चुराह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत हिमगिरि के प्रादंडी मोड़ से कुम्हरका गांव तक बनी नई सड़क का उद्घाटन रविवार को चुराह के विधायक हंसराज द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। विधायक के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका फूलमालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया।उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति और क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित रहे। विधायक हंसराज ने विधिवत फीता काटकर सड़क का उद्घाटन किया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से कुम्हरका गांव सहित आसपास के कई बस्तियों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। पहले ग्रामीणों को कठिन रास्तों से होकर गुजरना पड़ता था, जिससे विशेषकर बरसात के मौसम में काफी परेशानी होती थी। अब सड़क बनने से लोगों को राहत मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।विधायक हंसराज ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है और सड़क, पेयजल, बिजली तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चुराह विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। ग्रामीणों ने भी सड़क निर्माण के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास के लिए इसी तरह कार्य होते रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी अन्य समस्याओं को भी विधायक के समक्ष रखा, जिस पर विधायक ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!