चम्बा में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 8.25 ग्राम चिट्टा सहित दो पंजाबवासी युवक गिरफ्तार

चम्बा में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 8.25 ग्राम चिट्टा सहित दो पंजाबवासी युवक गिरफ्तार

चम्बा 20 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) पुलिस दल कांगड़ा को आज एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम ने चम्बा के बग्गा मुख्य मार्ग पर स्थित जामुन मोड़ के पास नाकाबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया, जिसके दौरान दो युवकों को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पकड़ा गया।जानकारी के अनुसार, पुलिस दल क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों की नियमित जांच कर रहा था। इसी दौरान दो युवक पुलिस को देखकर नजरें चुराते हुए वहां से निकलने का प्रयास करने लगे। उनकी हरकतों पर संदेह होने पर पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों युवक घबरा गए और संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिससे पुलिस का शक और गहरा हो गया।इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार दोनों युवकों की तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से कुल 8.25 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें पुलिस थाना सदर चम्बा ले जाया गया।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।आरोपियों की पहचान इस्मित सिंह और विक्रमजीत सिंह, दोनों निवासी अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है ।प्रारंभिक जांच में आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे इस नशे की खेप को कहां से लाए और कहां ले जाने वाले थे।इस पूरे मामले की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कांगड़ा, रेनू शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!