चंबा मेडिकल कॉलेज में 200 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल भवन लोकार्पित, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती

चंबा मेडिकल कॉलेज में 200 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल भवन लोकार्पित, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती

चंबा, 02 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, चंबा में 158 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 200 बिस्तरों की क्षमता वाले अत्याधुनिक अस्पताल भवन का लोकार्पण किया। इस महत्वपूर्ण परियोजना के शुरू होने से जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।नव-निर्मित अस्पताल भवन में ब्लॉक-ए, बी और सी के माध्यम से रोगियों के उपचार और चिकित्सा शिक्षा की समग्र सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। अस्पताल में मेडिसिन, शिशु रोग, मनोरोग, चेस्ट एवं क्षय रोग (टीबी), शल्य चिकित्सा, ईएनटी, प्रसूति एवं स्त्री रोग तथा दंत चिकित्सा सहित आठ प्रमुख विशेषज्ञ सेवाओं की ओपीडी उपलब्ध होगी। इसके अलावा आधुनिक आपातकालीन सेवाएं, रेडियोलॉजी विभाग, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर तथा 200 इनडोर बिस्तरों की सुविधा मरीजों को बेहतर इलाज प्रदान करेगी। कुछ विभागों में सेवाएं शुरू भी हो चुकी हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करना और लोगों को उनके घरों के समीप गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल न केवल मरीजों को बेहतर उपचार देगा, बल्कि डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और विद्यार्थियों के लिए भी उत्कृष्ट कार्य एवं अध्ययन वातावरण प्रदान करेगा।परियोजना के तहत आधुनिक छात्रावास और आवासीय सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। एमबीबीएस छात्रों और नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग छात्रावास तथा फैकल्टी व कर्मचारियों के लिए आवासीय क्वार्टर निर्मित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन सुविधाओं से संस्थान का संचालन अधिक प्रभावी होगा और प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर और बेहतर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!