एशियाई खेलों के हिमाचली पदक विजेताओं को मिलेंगे 5.33 करोड़ रुपये

शिमला 28 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज सोमवार को जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेल-2026 में हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए करीब 5.33 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की। यह राशि खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन, कड़ी मेहनत और समर्पण के सम्मान में प्रदान की जाएगी।हिमाचल प्रदेश खेल परिषद नकद पुरस्कार नियम-2024 के तहत स्वर्ण पदक जीतने वाली 12 सदस्यीय भारतीय महिला कबड्डी टीम में शामिल हिमाचल की चार खिलाड़ियों पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को प्रत्येक 33.33 लाख रुपये मिलेंगे। इस तरह कबड्डी टीम में शामिल हिमाचली खिलाड़ियों के लिए कुल पुरस्कार राशि करीब 1.33 करोड़ रुपये होगी। टीम पुरस्कार का वितरण निर्धारित नियमों के अनुसार खिलाड़ियों की भागीदारी के अनुपात में किया जाएगा।इसी तरह मंडी के सावन बरवाल को पुरुष मैराथन में रजत पदक हासिल करने पर 2.50 करोड़ रुपये, जबकि चंबा की सीमा कुमारी को महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने पर 1.50 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने सभी पदक विजेताओं, उनके परिवारों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के अनुशासन, समर्पण और दृढ़ संकल्प ने प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक विजेताओं को 5 करोड़, रजत को 3 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। एशियाई और पैरा एशियाई खेलों में क्रमशः 4 करोड़, 2.50 करोड़ और 1.50 करोड़ रुपये, जबकि राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक पर क्रमशः 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ रुपये का प्रावधान है।