पांगी में विधायक डॉ. जनक राज का बयान, बोले- भ्रष्टाचार का आरोप सिद्ध हुआ तो दे दूंगा इस्तीफा

पांगी में विधायक डॉ. जनक राज का बयान, बोले- भ्रष्टाचार का आरोप सिद्ध हुआ तो दे दूंगा इस्तीफा

चम्बा, 28 सितंबर ,चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

विधानसभा क्षेत्र भरमौर-पांगी के पांगी दौरे पर पहुंचे विधायक डॉ. जनक राज ने भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और ईमानदारी उनके लिए महत्वपूर्ण है। यदि उन पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप सिद्ध होता है तो वह विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे।विधायक का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कुछ दिन पूर्व पूर्व विधायक के पांगी दौरे के दौरान कुछ लोगों द्वारा “जनक तेरी खैर नहीं” के नारे लगाए गए थे। नारेबाजी से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया था। इसके बाद से पांगी क्षेत्र की राजनीति में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।पांगी दौरे के दौरान विधायक डॉ. जनक राज ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा क्या काम किया है, जिसके चलते उनके खिलाफ इस तरह के नारे लगाए गए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जब भाजपा की सरकार बनेगी, तो भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र में छोटे-बड़े सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। बिजली, पानी, स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता देने की बात भी उन्होंने कही।डॉ. जनक राज ने कहा कि भरमौर-पांगी एक दुर्गम विधानसभा क्षेत्र है, जहां लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।इसी बीच भाजपा के जिला प्रभारी विपिन परमार भी सोमवार को पांगी पहुंचे। उनके दौरे के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक विषयों को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान विधायक डॉ. जनक राज भी मौजूद रहे।हालिया नारेबाजी और विधायक के भ्रष्टाचार संबंधी बयान के बाद पांगी क्षेत्र का राजनीतिक माहौल एक बार फिर चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!