बरौर में किसान मेले का आयोजन, विधायक नीरज नैयर ने प्राकृतिक खेती अपनाने का किया आह्वान

बरौर में किसान मेले का आयोजन, विधायक नीरज नैयर ने प्राकृतिक खेती अपनाने का किया आह्वान

चंबा, 28 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

ग्राम पंचायत बरौर के पंचायत घर में आत्मा परियोजना चंबा की ओर से किसान मेले का आयोजन किया गया। मेले में सदर चंबा के विधायक नीरज नैयर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में करीब 300 से 350 किसानों ने भाग लिया।आत्मा परियोजना के निदेशक डॉ. नितिन कुमार शर्मा ने विधायक का स्वागत करते हुए जिला चंबा में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा परियोजना के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से गेहूं और मक्की की खरीद सरकारी निर्धारित दरों पर की जा रही है। इसके अलावा चंबा के चौगान नंबर-2 में प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्राकृतिक खेती के उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष स्टॉल लगाए जा रहे हैं।मेले में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों ने किसानों को विभिन्न योजनाओं, आधुनिक तकनीकों और सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी। किसानों की समस्याओं का समाधान भी किया गया।

इस दौरान कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह, उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रमोद शाह, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. सुरेश ठाकुर, डॉ. प्रीतम, डॉ. चंचल राणा और डॉ. पवन कुमार सैनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।विधायक नीरज नैयर ने किसानों से संवाद करते हुए प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक रहने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।ग्राम पंचायत बरौर के प्रधान अब्दुल कादिर सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। अंत में आत्मा परियोजना की उप परियोजना निदेशक डॉ. शिवानी राणा ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, वैज्ञानिकों, जनप्रतिनिधियों और किसानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने किसानों से मेले में मिली जानकारी को खेतों में अपनाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!