मानसिक बीमारी से ग्रसित बेघर लोगों की पहचान के लिए नालसा द्वारा 7 से 9 अक्तूबर तक विशेष अभियान

चंबा 30 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंबा की ओर से 7 से 9 अक्तूबर, 2026 तक मानसिक बीमारी से ग्रसित बेघर व्यक्तियों की पहचान, बचाव तथा उन्हें उपचार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत ऐसे जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर राज्य सरकार द्वारा संचालित मनोचिकित्सीय अस्पतालों में दाखिल करवाने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में ऐसे बेघर व्यक्तियों की पहचान करना है, जो मानसिक बीमारी से ग्रसित हैं तथा जिन्हें तत्काल चिकित्सकीय उपचार, परामर्श और अन्य आवश्यक सहायता की जरूरत है। चिन्हित व्यक्तियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकीय परीक्षण, उपचार, परामर्श, पुनर्वास और सामाजिक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों और हितधारकों का सहयोग लिया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) भी ऐसे व्यक्तियों की पहचान करने तथा उनके संबंध में आवश्यक सूचना उपलब्ध करवाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।प्राधिकरण ने आम जनता से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास कोई ऐसा बेघर व्यक्ति दिखाई देता है, जो मानसिक बीमारी से ग्रसित प्रतीत होता है अथवा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता का जरूरतमंद है, तो इसकी सूचना संबंधित पुलिस थाना, स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को देने का आग्रह किया गया है।प्राधिकरण ने कहा कि मानसिक बीमारी से ग्रसित बेघर व्यक्तियों को सम्मानजनक जीवन, आवश्यक उपचार और उपलब्ध सहायता सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। अभियान के माध्यम से ऐसे लोगों को चिन्हित कर उचित उपचार, देखभाल, पुनर्वास और आवश्यक सहायता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।