मिड डे मील वर्कर्स 30 अक्टूबर को करेंगी प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, सलूणी में यूनियन ने बनाई रणनीति

सलूणी/ चम्बा 20 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मिड डे मील वर्कर यूनियन ब्लॉक कमेटी सलूणी की बैठक मंगलवार को ब्लॉक अध्यक्ष संदेश कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सीटू जिला अध्यक्ष नरेंद्र तथा मिड डे मील वर्कर यूनियन के जिला अध्यक्ष विपिन ने विशेष रूप से भाग लिया। इस दौरान वर्कर्स की विभिन्न समस्याओं, लंबित मांगों और शिक्षा विभाग की नई अधिसूचना पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए नरेंद्र और विपिन ने कहा कि मिड डे मील वर्कर्स बेहद कम मानदेय पर स्कूलों में बच्चों को भोजन उपलब्ध करवाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच कम मानदेय में परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है।

यूनियन नेताओं ने शिक्षा विभाग द्वारा 10 महीने के वेतन को 12 महीनों में बांटकर देने संबंधी अधिसूचना का विरोध किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से पहले ही कम मानदेय पर काम कर रही वर्कर्स का मासिक भुगतान और कम हो जाएगा। यूनियन ने मांग की कि वर्कर्स को निर्धारित 10 महीने का पूरा मानदेय दिया जाए तथा संबंधित अधिसूचना को तुरंत वापस लिया जाए।नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अधिसूचना वापस नहीं ली गई, तो 30 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेशभर में मिड डे मील वर्कर्स विरोध प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने सलूणी ब्लॉक की सभी वर्कर्स से प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।बैठक में आगामी 1 और 2 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले मजदूरों के महापड़ाव में हिमाचल प्रदेश से हजारों मिड डे मील वर्कर्स की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान भी किया गया।

यूनियन ने मानदेय में बढ़ोतरी, बेहतर कार्य परिस्थितियों और सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने की बात कही।बैठक में ब्लॉक सचिव जगदीश सहित यूनियन के अन्य सदस्य और मिड डे मील वर्कर्स उपस्थित रहे।