राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोलका में एनएसएस शिविर का शुभारंभ, समाज सेवा के लिए प्रेरित हुए स्वयंसेवी

कोलका/ चम्बा 25 अक्टूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोलका में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में समाज सेवा, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी जोगिंदर सिंह द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, स्वयंसेवियों एवं विद्यार्थियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई और बैज अलंकरण की रस्म निभाई गई। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी जोगिंदर सिंह ने सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर के अंतर्गत विद्यालय परिसर और गोद लिए गए गांव में स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, जागरूकता रैली तथा सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा विशेषज्ञों के माध्यम से स्वयंसेवियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रताप सिंह ठाकुर ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशा-मुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए। उन्होंने स्वयंसेवियों से शिविर के दौरान पूरे उत्साह, ईमानदारी और अनुशासन के साथ कार्य करने का आग्रह किया।सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन 31 अक्टूबर 2026 को होगा। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापकगण और एनएसएस स्वयंसेवी उपस्थित रहे।