चुराह में एसआईयू टीम की कार्रवाई, 640 ग्राम चरस बरामद,मक्कलवाणी संपर्क मार्ग के पास गश्त के दौरान पकड़ा गया 56 वर्षीय व्यक्ति

तीसा/चम्बा 27 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला चम्बा में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) की टीम ने चुराह क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 640 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसआईयू की टीम इंस्पेक्टर गगन और हेड कांस्टेबल योगराज के नेतृत्व में गश्त पर थी। इस दौरान टीम ने मक्कलवाणी संपर्क मार्ग पर कुआ से नकरोड़ की ओर जाने वाले रास्ते के समीप गांव मक्कलवाणी के पास एक व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 640 ग्राम चरस बरामद हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान 56 वर्षीय दौलत राम पुत्र स्वर्गीय दीनू राम, निवासी गांव कुंगू, डाकघर बघेईगढ़, तहसील चुराह, जिला चम्बा के रूप में हुई है। चरस बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी भी जांच की जाएगी।पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है, ताकि नशे के इस अवैध कारोबार से संबंधित संभावित कड़ियों का पता लगाया जा सके। जांच पूरी होने के बाद मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
