रणजीत सागर जलाशय में 85 हजार मत्स्य बीज का संचयन, मछुआरों को मिलेगा रोजगार और बेहतर आय का अवसर

चम्बा 27 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मत्स्य विभाग के तत्वावधान में रणजीत सागर जलाशय में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मत्स्य बीज संचयन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जलाशय में 70 मिलीमीटर से अधिक आकार के कुल 85 हजार उन्नत किस्म के मत्स्य बीज छोड़े गए। इनमें 40 हजार राहू (रोहू) और 45 हजार मृगल प्रजाति के मत्स्य बीज शामिल हैं। इस पहल से जलाशय की मत्स्य संपदा में वृद्धि होने के साथ मछुआरा परिवारों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।कार्यक्रम में ज्वाइंट डायरेक्टर, एडीएफ चम्बा, ऑब्जर्वर (कुल्लू-हमीरपुर) तथा मत्स्य अधिकारी चम्बा सहित सहकारी सभा लाहड़ी संधारा के सुखदेव सिंह उपस्थित रहे।

वहीं, मत्स्य सहकारी सभा मेल के प्रधान राजीव माहड और सचिव मनीष ठाकुर ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।मत्स्य सहकारी सभा मेल चम्बा जिले में प्रथम स्थान पर है। यह सहकारी सभा हिमाचल प्रदेश में भी दो बार पहला स्थान हासिल कर चुकी है। सभा प्रतिदिन ठेकेदार को लगभग पांच से छह क्विंटल मछली की आपूर्ति करती है। यह उपलब्धि सभा से जुड़े मछुआरों की मेहनत, सामूहिक प्रयासों और मत्स्य व्यवसाय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

सभा के प्रधान राजीव कुमार, उपप्रधान सुनील कुमार और कार्यकारिणी के सदस्यों ने मत्स्य विभाग तथा प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने प्रदेश सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मेल में मत्स्य सहकारी सभा की स्थापना से क्षेत्र के कई बेरोजगार युवाओं को रोजगार का साधन मिला है।
