दीपावली से पहले बाथरी विद्युत उपकेंद्र में रखरखाव कार्य, तीन फीडरों की बिजली रहेगी बंद

30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित, मौसम पर निर्भर रहेगा शटडाउन

बाथरी/ चम्बा 28 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

दीपावली त्योहार से पहले विद्युत व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से विद्युत उपकेंद्र बाथरी में आवश्यक रखरखाव एवं निरीक्षण कार्य किया जाएगा। इस कारण शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को क्षेत्र के तीन विद्युत फीडरों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी। विद्युत विभाग ने इस संबंध में आम जनता को सूचित करते हुए सहयोग की अपील की है।विद्युत विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 132/33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बाथरी में दीपावली से पूर्व जरूरी रखरखाव और निरीक्षण कार्य किया जाना प्रस्तावित है। इसके चलते 11 केवी बाथरी फीडर, 11 केवी देवी देहरा फीडर तथा 11 केवी चौहड़ा फीडर की विद्युत आपूर्ति सुबह 10 बजे से कार्य समाप्त होने तक बंद रहेगी।इस शटडाउन के चलते बाथरी, देवी देहरा, गोली, बोंखरी मोड़, पटना मोड़, भरुड़ी, ककैना, चौहड़ा और छाना सहित संबंधित क्षेत्रों के लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ सकता है।

ऐसे में विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए अपने आवश्यक कार्यों की पहले से योजना बना लें, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।विद्युत (ईएस) उपमंडल बाथरी के सहायक अभियंता आयुष कौशल ने बताया कि दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार से पहले विद्युत ढांचे का रखरखाव और निरीक्षण करना आवश्यक है। इससे विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आपूर्ति को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित शटडाउन मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। यदि मौसम अनुकूल रहता है, तभी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रखरखाव कार्य किया जाएगा। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे इस दौरान सहयोग बनाए रखें और अस्थायी बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!