मैट्रिक्स एजुकेशन बनीखेत में ब्यूटीशियन कोर्स शुरू, युवतियों को मिलेगा आत्मनिर्भर बनने का सुनहरा अवसर
करवाचौथ पर करीब 50 महिलाओं और युवतियों को निःशुल्क लगाई गई मेहंदी, रोजगारोन्मुखी शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

बनीखेत/ चम्बा 28 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
क्षेत्र में व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यरत मैट्रिक्स एजुकेशन, बनीखेत ने युवतियों के लिए ब्यूटीशियन कोर्स शुरू किया है। ICTO द्वारा संचालित इस व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र की नई पहल से क्षेत्र की युवतियों को सौंदर्य एवं वेलनेस के क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने और रोजगार के नए अवसर तलाशने में मदद मिलेगी।संस्थान की ओर से विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। यहां पहले से ही कंप्यूटर कोर्स, शॉर्टहैंड और अंग्रेजी स्टेनोग्राफी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब ब्यूटीशियन कोर्स शुरू होने से प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक युवाओं, विशेषकर युवतियों के लिए कौशल विकास का एक और विकल्प उपलब्ध हो गया है।

ब्यूटीशियन कोर्स की शुरुआत करवाचौथ के अवसर पर की गई। इस मौके पर संस्थान की ओर से करीब 50 महिलाओं और लड़कियों को निःशुल्क मेहंदी लगाई गई। इस पहल के माध्यम से महिलाओं और युवतियों को सौंदर्य संबंधी सेवाओं तथा इस क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।आज के समय में सौंदर्य एवं वेलनेस क्षेत्र में प्रशिक्षित लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार की कई संभावनाएं मौजूद हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवतियां अपनी रुचि और कौशल के अनुसार ब्यूटी पार्लर में काम करने के साथ स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की दिशा में भी आगे बढ़ सकती हैं।मैट्रिक्स एजुकेशन की यह पहल क्षेत्र में कौशल आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करने के साथ युवतियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक साबित हो सकती है। संस्थान का प्रयास है कि विद्यार्थियों को उनकी रुचि और वर्तमान समय की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध करवाकर उन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जाए।