भटियात को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात, 419.90 करोड़ रुपये की 36 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास

भटियात को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात, 419.90 करोड़ रुपये की 36 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास

चुवाड़ी/ चम्बा 03 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिला के एक दिवसीय दौरे के दौरान चुवाड़ी से भटियात विधानसभा क्षेत्र को 419.90 करोड़ रुपये की 36 विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, सिंचाई, सीवरेज व्यवस्था, बाढ़ सुरक्षा और सड़क संपर्क सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने भटियात में आठ विकासात्मक योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें 5.42 करोड़ रुपये की एफआईएस खगल-सिहुंता का पुनर्निर्माण, 1.03 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना सरना तथा 60.78 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना प्रमुख हैं। इस पेयजल योजना से बगढार, नगाली, डलोग, मोरनू, सुदली, चुहन, नैनीखड्ड, बैली, बलेरा, जिऊंता, तुन्नुहट्टी, मेल, समलेऊ, टप्पर, मनोला, रुलियाणी, ओसल, बाथरी और शेरपुर सहित अनेक गांव लाभान्वित होंगे।

इसके अतिरिक्त चुवाड़ी के लिए 19.19 करोड़ रुपये की सीवरेज योजना, जतरून, त्रिमत और सलोह में 4.19 करोड़ रुपये तथा मोतला में 1.74 करोड़ रुपये के बाढ़ सुरक्षा कार्यों का लोकार्पण किया। समोट क्षेत्र की 11.61 करोड़ रुपये की ग्रेविटी पेयजल योजना और ककीरा की 37.52 करोड़ रुपये की पेयजल योजना सहित अन्य परियोजनाएं भी इसमें शामिल रहीं।मुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग की सात परियोजनाओं की आधारशिलाएं रखीं। इनमें सिहुंता के लिए 31.46 करोड़ रुपये की सीवरेज प्रणाली, पेयजल योजनाओं के सुधार एवं विस्तार के लिए 34.07 करोड़ रुपये तथा विभिन्न सिंचाई और अग्निशमन योजनाएं शामिल हैं।

लोक निर्माण विभाग की पांच सड़क एवं पुल परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें 20.34 करोड़ रुपये से चुवाड़ी-जोत सड़क का उन्नयन, समोट-मन्हुटा और टुंडी-धरून सड़कें तथा नरेलू नाले पर 25 मीटर स्पैन पुल शामिल है।इसके अलावा सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए 14 परियोजनाओं के शिलान्यास किए गए। इनमें मोटला-सुखियार, घटासनी-भलोग, पातका-छतरेल और कहरी-राखेड़ सड़कें प्रमुख हैं। चुवाड़ी में 9.68 करोड़ रुपये के परिधि गृह तथा सिहुंता में 21.99 करोड़ रुपये के संयुक्त कार्यालय भवन का शिलान्यास भी किया गया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से भटियात क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!