ग्राम गुवार से जिला चंबा में मेगा ड्राइव चरण-II का आगाज, ग्रामीणों को दी निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी

ग्राम गुवार से जिला चंबा में मेगा ड्राइव चरण-II का आगाज, ग्रामीणों को दी निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी

चंबा 03 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जरूरतमंद लोगों को न्याय सुलभ करवाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा की ओर से मेगा ड्राइव (चरण-II) के तहत ग्राम पंचायत गुवार में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के साथ ही जिला चंबा में मेगा ड्राइव के द्वितीय चरण का विधिवत शुभारंभ हुआ।हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा के सचिव ने ग्रामीणों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और निःशुल्क कानूनी सहायता की सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को न्याय दिलाना तथा आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों के कारण किसी भी व्यक्ति को न्याय से वंचित न रहने देना है।इस दौरान ग्रामीणों को विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 की धारा 12 के तहत निःशुल्क विधिक सेवाएं प्राप्त करने के लिए पात्र व्यक्तियों एवं विभिन्न श्रेणियों के बारे में विस्तार से समझाया गया।

उन्होंने बताया कि पात्र व्यक्ति विधिक सेवा संस्थानों के माध्यम से बिना किसी आर्थिक बोझ के कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। शिविर में उपस्थित लोगों को NALSA की कार्यप्रणाली, कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और विधिक सेवा संस्थानों की भूमिका से भी अवगत करवाया गया।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता से संबंधित जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ स्वयं उठाने के साथ अन्य जरूरतमंद लोगों को भी इसकी जानकारी दे सकें।इस अवसर पर पंचायत सचिव और पैरा लीगल वालंटियर (PLV) अनुराधा भी उपस्थित रहीं। शिविर के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर कानूनी जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!